HARIYASH RAI CHUNI HUYI KAHANIYAN - PUSTAK SAMIKSHA :ATULYA KHARE
- हरियश राय : चुनी हुयी कहानियाँ
- विधा : कहानी
- लेखन : हरियश राय
- सम्पादन : प्रेम तिवारी
- नयी किताब प्रकाशन द्वारा प्रकाशित
- प्रथम संस्करण : 2026
- मूल्य :250 .00
- समीक्षा क्रमांक : 255
इस कहानी संग्रह के पूर्व हरियश राय जी द्वारा लिखित उपन्यास दूब तथा कहानी संग्रह "कलम" भी पढ़ी थी एवं दोनों ही कृतियों पर अपनी विस्तृत प्रतिक्रिया भी दी थी। उनकी लेखन शैली सरल है एवं उनके कथानक पाठक पर सहज ही अपना प्रभाव छोड़ने में कामयाब हुए हैं। हिन्दी गद्य साहित्य में अपनी श्रेष्ट कृतियों एवं समय समय पर विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित होते रहने वाली रचनाओं के द्वारा साहित्य जगत हेतु उनका विशिष्ट योगदान निश्चय ही सराहनीय है। बात करें उनके प्रकाशित लेखन की तो उसकी एक लम्बी फेहरिस्त है जो सर्वविदित ही है एवं उसे उल्लिखित करना उतना महत्वपूर्ण नहीं प्रतीत होता जितना उल्लेखनीय है हरियश राय जी का शांति पूर्वक सृजन कर्म में तल्लीन रहना एवं प्रचार प्रसार से दूर साहित्य सेवा में समर्पित बने रहना ।
प्रस्तुत संपादित कहानी संकलन में हरियश राय जी की विषय केंद्रित 13 कहानियां है जो अपने विशिष्ट विषयों के कारण पाठक की उत्सुकता जगाती हैं। उनके सभी कथानक विषय वस्तु पर केंद्रित रहते हुए सरलता से कथानक को अत्यंत मौलिक रूप में प्रस्तुत करते है। हरियश जी की भाषा, शैली सौम्य रहते हुए झकझोर जाती है, तथा पाठक को उन विचारों की ओर ले जाती है जो उस से अपेक्षित हैं किन्तु वह उन्हें भुला बैठा है। उनके कथानक विशिष्ट है जो वर्तमान कटु यथार्थ को हमारे सामने रख जागृत करने का प्रयास करते हैं।
अनावश्यक प्रभावों या विशेषणों तथा क्लिष्टता का प्रयोग कर व्यर्थ ही कथानक को कठिन बनाने अथवा स्तरीय दर्शाने का प्रयास लक्षित नहीं होता एवं संक्षेप में कह सकते हैं कि उनके सृजन की सरलता ही उस की विशिष्टता है।
हरियश राय जी की कहानियों में हमें आज नजर आता है। कह सकते हैं की उनके पात्र यथार्थ में जीते हैं, ख्वाबों में नहीं। हरियश जी के पात्र वास्तविकता के धरातल पर रहते हुए सामाजिक परिवेश का वास्तविक चित्रण दिखला जाते हैं। उनकी कहानियों में, समय के साथ साथ समाज की विचारधारा में परिवर्तन, गतिशीलता स्पष्ट नजर आती है तथा समय के साथ निरंतर बदल रहे समाज की गतिविधियों पर लेखक की पैनी नजर सतत बनी रहती है। यही कारण है की उनकी कहानियाँ समाज के सतत परिवर्तनों तथा वर्तमान की कड़वी सच्चाईयों को पाठक के सामने जस की तस रखते हुए वास्तविकताओं से रूबरू करवाती हैं।
बात करें इस कथा संग्रह की कहानियों की तो संग्रह की कहानी "हीमोग्लोबिन" कॉर्पोरेट जगत की चमक दमक के पीछे छिपी वास्तविकताओं को उजागर करती है जहां यह स्पष्ट नजर आ रहा है की पैसे के पीछे भागती हमारी युवा शक्ति का किस हद तक शोषण हो रहा है एवं वे कभी एक तो कभी दूसरे कारण से उसे स्वीकार करने हेतु विवश है अथवा बाज दफा मानसिक रूप से उसे नियति मान स्वीकार कर चुके हैं तथा पैसे के लिए सर्वस्व समर्पित कर कार्य एवं जीवन के मध्य का संतुलन स्वयं ही आहूत कर मशीनी ज़िंदगी जीने की विवशता को स्वीकार कर चुके हैं।
कहानी "डर" यूं तो देश की राजधानी के समीपस्थ एक क्षेत्र विशेष की कहानी है किन्तु विस्तारित भाव में कहानी न सिर्फ चहुं दिशा में व्याप्त शहरी कारण के अगले चरण वैश्वीकरण तथा आधुनिकता के अंधानुकरण पर तंज़ के संग मिट्टी से जुड़े व्यक्ति के दिल के दर्द को भी बखूबी बयान करती है।
वहीं कहानी "अन्न जल" भी कुछ कुछ समान भाव ही दर्शाती है । व्यापक अर्थ में हमने विदेशी कंपनियों द्वारा उनके व्यापार विस्तार के क्रम में हिंदुस्तान आकर यहाँ अपने कार्यालय स्थापित करने और उसके लिए ऊंचे भाव देकर ज़मीनें खरीदने को ही जबाव देह बना दिया है किन्तु यह सच तो कदापि नहीं है। मुख्य वजह तो हमारी रातों रात अमीर बनाने की लालसा ही है।
कहानी "आमची मुंबई" के द्वारा सांप्रदायिक भेद भाव पर केंद्रित भाव को आगे बढ़ाते हुए यह बहुत साफ साफ दिखलाया गया है की किस प्रकार व्यक्तिगत स्वार्थों के लिए मुद्दे बनाए जा सकते हैं।
इस संपादित कथा संग्रह की कहानी "महफ़िल" बहुत प्रभावित तो नहीं करती किन्तु एक बड़े अधिकारी के द्वारा कलाकार की कला का सम्मान न करना एवं महज औपचारिकता के निर्वहन हेतु भी मानवता का परिचय न देना व्यथित अवश्य करता है ।
हरियश राय जी की कहानी "पेड़" पूर्व संग्रह में भी आ चुकी है जिसमें पीपल के वृक्ष से जुड़ी समस्याएं तथा आस्थाएं तो अपनी जगह है उस से जुड़ी धार्मिक मान्यताएं एवं उच्च अधिकारियों द्वारा भी कर्तव्य निर्वहन से परे निज आस्था एवं विवशता किस तरह मुश्किलात बढ़ा रहीं हैं इस पर एक तंज भी है ।
कहानी "शूल", संग्रह की ऐसी कहानी है जो आपको कभी झकझोरती है तो कभी आँखें भिगो जाती है। कहानी, व्यवस्था के भीतर व बाहर रहने की विवशताओं को तो दर्शाती ही है वहीं आवाज उठाने के परिणाम एवं संभव सुधारों की ओर सोचने की बात रखती है। एक विकलांग युवक को सिर्फ इसलिए मर्मांतक पीढ़ाएं झेलने को विवश होना पढ़ा क्यूंकि वह व्यवस्था की कुछ सच्चाईयों को समाज के सामने ले आना चाहता था। कह सकते हैं की सच बोलने की सजा ही वह झेल रहा था । व्यवस्था की जनविरोधी नीतियों का विरोध, अपने हक के लिए आंदोलन, अंधविश्वास और दलित-आदिवासी संघर्षों का समर्थन करने पर जेल की यातना सहता है। लेखक द्वारा उस विकलांग युवक के मित्र को व्यवस्था के प्रतीक रूप में दर्शाया गया है। मित्रों के बीच का संवाद बहुत ही कम शब्दों में भी व्यवस्था की अनेकों कमियों को उजागर करता है । अंत सुखद तो नहीं है किन्तु सोचने पर विवश करता है।
सांप्रदायिक उन्माद फैलाने वाले कैसे तिल का ताड़ बना देते हैं इसे कहानी "इबारत" के द्वारा लेखक बेहद खूबसूरती एवं सलीके तथा शांत भाव से दर्शाते हैं। वहीं इस तरह के कृत्यों से निबटने में होशियारी और हिम्मत से निबटने का संदेश भी विशिष्ट है।
कहानी "किस मुकाम तक" जहां कूटनीतिक व्यवस्थाओं पर प्रकाश डालती है वहीं कॉर्पोरेट चिकित्सालयों में बढ़ते खर्च, घटते उपचार को बार बार प्रमुखता से उठाया गया है
कहानी "वजूद के लिए" भी वर्तमान कॉर्पोरेट कल्चर और आधुनिक कार्यालयीन व्यवस्था तथा कार्यशैली पर केंद्रित है। कहानी अपने रोचक कथानक के द्वारा, विदेशी कंपनियों द्वारा सस्ते भाव पर चंद पैसों के बदले खरीदे गए तथा गुलामों जैसे हालात में काम करने को विवश हमारी युवा शक्ति के मनोभावों को खूबसूरती से उकेरती है।
कहानी "आमंत्रण' एक बांसुरी वादक की उस व्यथा को अनकहे बयान करती है जो अमूमन हर कलाकार के दिल में होती है। एक कलाकार को पहचान की ख्वाहिश, अपनी कला के प्रसार और सराहना की तमन्ना सदा ही होती है जिसे दिल में लिए लिए ही वे खर्च हो रहे हैं । इस के संग ही कहानी धर्म के नाम पर चल रहे ढकोसलों और आडम्बरों के ऊपर भी कटाक्ष करती है। कथानक अपनी रोचकता के चलते पाठक को बांधे रखता है।
एक वृद्धा के दर्द सामाजिक अव्यवस्था और हमारी अपने सामाजिक दायित्वों में निर्वहन में कोताही तथा सबसे आगे विशेष तौर पर वृद्धावस्था में संतान से बढ़ती हुई अपेक्षायें बढ़ते भावनात्मक जुड़ाव और उनकी विवशताओं को बखूबी दर्शाते हुए कहानी "अंतिम पढ़ाव' विवश करती है अपने ही इर्द गिर्द के वृद्ध जन, उनकी अवस्था तथा उन के प्रति अपने कर्तव्यों पर एक पल ठहर कर सोचने के लिए।
नारी विमर्श केंद्रित कहानी 'साइलेंट किलिंग' एक ओर तो पितृसत्तात्मक समाज की व्यवस्थाओं पर तंज़ है वहीं आज के युग में भी किसी व्यक्ति का पत्नी के स्वास्थ्य के प्रति हद से ज्यादा बेपरवाह होना अथवा अनदेखा करना एवं उस परिदृश्य में नारी का तिल तिल कर मरना और दिन ब दिन मौत के करीब पहुचना वास्तविकता से रूबरू करवाता है। परिवार का माहौल एवं पति की स्वयं अथवा पत्नी के हित् में आवाज न उठा पाने की अक्षमता उसकी मानसिक नपुंसकता का परिचय देते हैं। कहानी के माध्यम से उठाए गए प्रश्न कतई चौंकाते नहीं हैं फ़र्क मात्र यह है की रोज ही इनसे दो चार होते हुए भी हम इन्हें अनदेखा करने के आदि हो चुके है तथा अब ये तथ्य अब हमें विचलित नहीं करते।
कहानियों के गंभीर विश्लेषण के आधार पर यह सहज ही उभर कर आता है कि हरियश राय जी की कहानियाँ आज की कहानी है हमारे गतिशील समाज की बदलते हुए नए समाज की कहानी हैं जो हमें वास्तविकताओं से रूबरू करवाती हैं।
अतुल्य खरे





.png)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें